जयपुर विकास प्राधिकरण के अनुसार, यह परियोजना राजस्थान में अपनी तरह की नवीन अवधारणा के रूप में विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य नागरिकों को मनोरंजन, खान-पान, पैदल भ्रमण और पारिवारिक गतिविधियों के लिए एक सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है।
JDA के जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के अनुसार, रामनिवास बाग में प्रस्तावित चौपाटी की अनुमानित लागत 637.50 लाख रुपये है। परियोजना को आज की युवा पीढ़ी की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है।
चौपाटी में अलग-अलग प्रकार के खान-पान की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 15 फूड ट्रक जोन विकसित किया जाएगा। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का विकल्प मिल सकेगा।
प्रस्तावित चौपाटी के चारों ओर लोगों के लिए पैदल भ्रमण ट्रैक विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे परिसर में लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।
परियोजना में ओपन गार्डन, बच्चों के लिए प्ले एरिया और ओपन एम्फीथिएटर जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। इसका उद्देश्य बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए एक ऐसा स्थान तैयार करना है, जहां लोग मनोरंजन और आराम के साथ समय बिता सकें।
चौपाटी परिसर में लोगों की सुविधा के लिए एंट्री प्लाजा, सिटिंग एरिया, पाथवे, टॉयलेट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा बाहरी सर्विस पाथवे का भी प्रावधान किया गया है।
JDA के मुताबिक, परियोजना में अलग-अलग गतिविधियों के लिए निर्धारित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जिससे पूरे परिसर को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।
परियोजना के तहत करीब 1804 वर्गमीटर क्षेत्र में पाथवे विकसित किया जाएगा। वहीं लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में ओपन गार्डन प्रस्तावित है।
बच्चों के लिए करीब 600 वर्गमीटर का चिल्ड्रन प्ले एरिया बनाया जाएगा। इसके अलावा लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्र में ओपन एम्फीथिएटर विकसित करने की योजना है।
वहीं करीब 662 वर्गमीटर क्षेत्र में एंट्री प्लाजा और सिटिंग एरिया का प्रावधान किया गया है। फूड ट्रक के लिए लगभग 140 वर्गमीटर क्षेत्र निर्धारित किया गया है।
JDA के अनुसार, रामनिवास बाग की ऐतिहासिक और प्राकृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए चौपाटी का विकास किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि आधुनिक सुविधाओं के साथ क्षेत्र का हरित और प्राकृतिक स्वरूप भी बना रहे।
यहां आने वाले लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने, पैदल घूमने, बच्चों के मनोरंजन और खान-पान का आनंद एक ही परिसर में ले सकेंगे।
JDA का कहना है कि परियोजना का उद्देश्य रामनिवास बाग क्षेत्र में स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। चौपाटी विकसित होने के बाद यहां नागरिक गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ-साथ जयपुर के शहरी पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
15 फूड ट्रक, ओपन गार्डन, बच्चों के प्ले एरिया, पैदल ट्रैक और एम्फीथिएटर जैसी सुविधाओं के साथ यह स्थान जयपुरवासियों के लिए मनोरंजन और खान-पान का नया डेस्टिनेशन बन सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.