अलवर के ईटाराणा सैन्य छावनी क्षेत्र से जोधपुर निवासी 20 वर्षीय युवक कुंदन विश्नोई को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि युवक सेकंड ईयर का छात्र है और पिछले कुछ दिनों से अलवर शहर के एक होटल में ठहरा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईबी, सीआईडी और अन्य खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक के मोबाइल फोन से पाकिस्तान के कुछ नंबरों पर कई बार संपर्क और बातचीत होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद जांच और तेज कर दी गई है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल डिटेल्स और ऑनलाइन गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है।
घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है, जब ईटाराणा छावनी क्षेत्र में युवक को संदिग्ध स्थिति में देखा गया था। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद सेना और इंटेलिजेंस टीम ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। बाद में मोबाइल जांच के दौरान विदेशी नंबरों से संपर्क की जानकारी मिलने पर मामला गंभीर हो गया और उसे सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक अलवर क्यों आया था, वह होटल में कितने दिनों से ठहरा हुआ था और उसके यहां आने का वास्तविक उद्देश्य क्या था। साथ ही उसके परिवार, कॉलेज और परिचितों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.