पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और धार्मिक आधारभूत सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने ग्राम पंचायत रसूलपुरा के मदारपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 31.38 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री रावत ने 29.88 लाख रुपये की लागत से विद्यालय में दो नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। साथ ही विधायक निधि से 1.50 लाख रुपये की लागत से विद्यालय पुस्तकालय के मरम्मत, रंग-रोगन और नई पुस्तकों की व्यवस्था के कार्य का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना और समृद्ध पुस्तकालय विद्यार्थियों में अध्ययन, शोध और पठन-पाठन के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
इस दौरान मंत्री ने ग्राम रसूलपुरा में 4 लाख रुपये की लागत से निर्मित देवजी मंदिर परिसर के बरामदे का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। ऐसे स्थलों के विकास से ग्रामीण समाज को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
श्री रावत ने कहा कि पुष्कर विधानसभा क्षेत्र का विकास केवल सड़क, भवन और अन्य आधारभूत संरचनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और जनसुविधाओं को समान प्राथमिकता देते हुए समग्र विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के विद्यार्थियों और ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा तथा भविष्य में भी विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.